पटना में यूट्यूबर मनीष कश्यप की पिटाई, डॉक्टरों पर तीन घंटे बंधक बनाने का आरोप
दि राइजिंग न्यूज। पटना। 20 मई 2025 । जाने-माने यूट्यूबर और पूर्व भाजपा नेता मनीष कश्यप पर पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) में हमला हुआ है।
दि राइजिंग न्यूज। पटना। 20 मई 2025 ।
जाने-माने यूट्यूबर और पूर्व भाजपा नेता मनीष कश्यप पर पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) में हमला हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, मनीष कश्यप सोमवार को दोपहर PMCH पहुंचे थे, जहाँ उनकी एक महिला जूनियर डॉक्टर के साथ कहासुनी हो गई। कहा जा रहा है कि इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में वीडियो शूट करना शुरू किया, जिससे नाराज़ होकर जूनियर डॉक्टरों ने उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया और कथित रूप से करीब तीन घंटे तक बंधक बनाकर उनकी पिटाई की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कश्यप किसी मरीज की पैरवी को लेकर अस्पताल पहुंचे थे। विवाद बढ़ने पर उन्होंने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया। इसी बात से उत्तेजित होकर डॉक्टरों ने कथित तौर पर उन्हें घेर लिया। डॉक्टरों का आरोप है कि मनीष ने महिला जूनियर डॉक्टर के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, वहीं कश्यप समर्थकों का कहना है कि उन्हें बिना कारण पीटा गया।
सूचना मिलते ही पीरबहोर थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और दोनों पक्षों के बीच सुलह कराई गई। थाना प्रभारी अब्दुल हलीम ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामला खत्म कर लिया है।
हालाँकि, इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया है। मनीष कश्यप के समर्थक इसे लोकतंत्र और प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला बता रहे हैं, जबकि डॉक्टरों का कहना है कि अस्पताल परिसर में महिलाओं से दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।