सहारनपुर के देवबंद में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग, गांव बना रणभूमि | जानें क्यों भिड़े त्यागीज
दि राइजिंग न्यूज। सहारनपुर, उत्तर प्रदेश। 6 जून, 2025 : देवबंद कोतवाली क्षेत्र के लखनौती गांव में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचिन त्यागी नाम के युवक ने अपने 12 से ज्यादा हथियारबंद साथियों
दि राइजिंग न्यूज। सहारनपुर, उत्तर प्रदेश। 6 जून, 2025 :
देवबंद कोतवाली क्षेत्र के लखनौती गांव में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचिन त्यागी नाम के युवक ने अपने 12 से ज्यादा हथियारबंद साथियों के साथ गांव में घुसकर 15 से अधिक राउंड फायरिंग कर दी। इस वारदात में संजय त्यागी नामक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायरिंग के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
आखिर क्यों हुई इतनी बड़ी वारदात?
बताया जा रहा है कि अचिन त्यागी और संजय त्यागी के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। गुरुवार को अचिन त्यागी ने इस विवाद का हिसाब चुकता करने के इरादे से अपने गुर्गों के साथ गांव में एंट्री मारी। बदमाशों ने पांच से ज्यादा बाइकों पर सवार होकर हमला किया। कई के चेहरों पर नकाब था। उन्होंने न केवल ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, बल्कि अवैध हथियार और लोहे की पाइप लहराकर खुलेआम दहशत फैलाई।
खुद ही शूट किया वीडियो, वायरल किया सोशल मीडिया पर
इस पूरी घटना का वीडियो बदमाशों ने खुद ही रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में मात्र 13 सेकेंड में 8 राउंड फायरिंग की आवाजें साफ सुनी जा सकती हैं। इससे यह साफ है कि बदमाशों ने पहले से इसकी योजना बना रखी थी। वीडियो के जरिए अपनी दहशत फैलाना ही उनका मकसद था।
पुलिस की फुर्ती और कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही सहारनपुर पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने अचिन त्यागी सहित 5 नामजद और 6 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया है। अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि बाकी की तलाश में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा और जल्दी ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।