द्रविड़ के बेटे की टीम इंडिया में एंट्री

भारतीय क्रिकेट के दिग्गज राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय द्रविड़ को बड़ी उपलब्धि मिली है। उन्हें श्रीलंका दौरे के लिए भारत की अंडर १९ टीम में शामिल किया गया है। विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद यह जगह हासिल की है।

द्रविड़ के बेटे की टीम इंडिया में एंट्री

दि राइजिंग न्यूज़ | नई दिल्ली | 12 जून 2026

द्रविड़ परिवार का एक और सितारा टीम इंडिया में

भारतीय क्रिकेट में द्रविड़ परिवार का एक और नाम राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच गया है। पूर्व भारतीय कप्तान और महान बल्लेबाज राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय द्रविड़ को श्रीलंका दौरे के लिए भारत की अंडर 19 एकदिवसीय टीम में जगह मिली है। 17 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय को घरेलू आयु वर्ग क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है।

बीसीसीआई ने श्रीलंका दौरे के लिए टीम का किया ऐलान

भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड की जूनियर चयन समिति ने गुरुवार को श्रीलंका दौरे के लिए एकदिवसीय और बहु दिवसीय दोनों टीमों का ऐलान किया। यह दौरा 4 जुलाई 2026 से श्रीलंका के हम्बनटोटा में शुरू होगा। इस दौरान तीन एकदिवसीय और दो बहु दिवसीय मुकाबले खेले जाएंगे।

भारत अंडर 19 टीम में जगह बनाने वाले पहले द्रविड़

अन्वय द्रविड़ के चयन को उनके क्रिकेट करियर की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धियों में माना जा रहा है। खास बात यह है कि उनके बड़े भाई समित द्रविड़ कर्नाटक की अंडर 19 टीम का हिस्सा रह चुके हैं, लेकिन भारत की अंडर 19 टीम में जगह बनाने वाले द्रविड़ परिवार के पहले सदस्य अन्वय बने हैं।

घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम

अन्वय ने हाल के समय में घरेलू क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा है। वीनू मांकड़ ट्रॉफी में कर्नाटक अंडर 19 टीम की कप्तानी करते हुए उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और टीम को क्वार्टर फाइनल तक पहुंचाया। इस टूर्नामेंट में उन्होंने छह पारियों में 220 रन बनाए।

हिमाचल के खिलाफ खेली थी यादगार पारी

हिमाचल प्रदेश के खिलाफ उनकी नाबाद 82 रनों की पारी काफी चर्चा में रही थी। दबाव भरे मुकाबले में उन्होंने धैर्य और आक्रामक बल्लेबाजी दिखाते हुए टीम को जीत दिलाई थी। इससे पहले वह अंडर 16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी में शतक भी लगा चुके हैं।

2028 अंडर 19 विश्व कप पर नजर

चयनकर्ताओं की नजर 2028 के अंडर 19 विश्व कप की तैयारी पर भी है। अन्वय अभी 17 साल के हैं और दो साल बाद होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए पात्र रहेंगे। श्रीलंका दौरे का अनुभव उनके भविष्य के लिए काफी अहम माना जा रहा है।

कप्तानी यशबर्धन को उपकप्तानी लक्ष्य को

भारत की अंडर 19 एकदिवसीय टीम में कप्तानी की जिम्मेदारी यशबर्धन सिंह चौहान को दी गई है, जबकि लक्ष्य रायचंदानी उपकप्तान बनाए गए हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में रजत बघेल और अन्वय द्रविड़ को टीम में शामिल किया गया है।

भारत अंडर 19 श्रीलंका दौरे का कार्यक्रम

पहला एकदिवसीय मुकाबला 4 जुलाई 2026 को हम्बनटोटा में खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला 6 जुलाई और तीसरा मुकाबला 9 जुलाई को होगा।

इसके बाद पहला बहु दिवसीय मुकाबला 13 से 16 जुलाई तक गॉल में और दूसरा बहु दिवसीय मुकाबला 20 से 23 जुलाई तक कोलंबो में खेला जाएगा।

द्रविड़ परिवार की विरासत संभालने की चुनौती

अन्वय द्रविड़ के चयन के साथ क्रिकेट जगत की नजर अब उन पर रहेगी कि वह द्रविड़ परिवार की विरासत को आगे किस तरह बढ़ाते हैं और भारतीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान कैसे बनाते हैं।