पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता की संदिग्ध मौत: आत्महत्या या राजनीतिक हत्या?
दि राइजिंग न्यूज। हुगली(पश्चिम बंगाल)। 21 जून, 2025 । पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के गोघाट थाना क्षेत्र के सानबंदी इलाके में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के मंडल अध्यक्ष शेख बकीबुल्ला का शव उनके ही घर की बालकनी में फंदे से लटका हुआ पाया गया। चौंकाने वाली बात यह थी कि शव के दोनों हाथ रस्सी से बंधे हुए थे, जिससे आत्महत्या के बजाय हत्या की आशंका और गहराती है।
दि राइजिंग न्यूज। हुगली(पश्चिम बंगाल)। 21 जून, 2025 ।
पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के गोघाट थाना क्षेत्र के सानबंदी इलाके में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के मंडल अध्यक्ष शेख बकीबुल्ला का शव उनके ही घर की बालकनी में फंदे से लटका हुआ पाया गया। चौंकाने वाली बात यह थी कि शव के दोनों हाथ रस्सी से बंधे हुए थे, जिससे आत्महत्या के बजाय हत्या की आशंका और गहराती है।
परिवार का आरोप: सुनियोजित राजनीतिक हत्या
मृतक के परिजनों ने इस मौत को आत्महत्या मानने से इनकार किया है। उनका आरोप है कि शेख बकीबुल्ला की हत्या राजनीतिक प्रतिशोध के तहत की गई है। परिवार ने बताया कि सुबह 7 बजे जब वे जगे तो उन्होंने शव को बालकनी में फंदे से झूलते देखा। हाथ बंधे होने के चलते यह बात तेजी से फैली कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि पूर्व नियोजित हत्या है।
स्थानीय विरोध और पुलिस की मुश्किल
सूचना मिलते ही गोघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शव को बरामद करने में पुलिस को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। स्थिति उस समय काबू में आई जब भाजपा के वरिष्ठ नेता मौके पर पहुंचे और उन्होंने परिवार व भीड़ को समझाया, जिसके बाद शव पुलिस को सौंप दिया गया।
भाजपा की मांग: उच्चस्तरीय जांच हो
इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। भाजपा नेतृत्व और मृतक के परिवार ने मांग की है कि इस मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच करवाई जाए। उनका कहना है कि यह मामला केवल एक व्यक्ति की मौत का नहीं, बल्कि राजनीतिक हिंसा की कड़ी का हिस्सा है। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर फॉरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करते हुए जांच शुरू कर दी है।