इंडिया गठबंधन बैठक में कॉकरोच पार्टी जिक्र
दिल्ली में हुई इंडिया गठबंधन की अहम बैठक में सोशल मीडिया पर चर्चा में आई कॉकरोच जनता पार्टी का भी जिक्र सामने आया। सूत्रों के अनुसार जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इसे उदाहरण के तौर पर रखते हुए युवाओं के मुद्दों और राजनीतिक रणनीति पर आत्ममंथन की जरूरत बताई। बैठक में 25 दलों की भागीदारी रही और 2029 की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
दि राइजिंग न्यूज़ | दिल्ली | 08 जून 2026
इंडिया गठबंधन की बैठक में 25 दलों की भागीदारी
दिल्ली में सोमवार को इंडिया गठबंधन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें देश के विभिन्न विपक्षी दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में आगामी राजनीतिक रणनीति और 2029 के लोकसभा चुनावों को लेकर साझा दिशा तय करने पर चर्चा हुई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बताया कि इस बैठक में कुल 25 राजनीतिक दल शामिल हुए और सभी ने अपने-अपने सुझाव रखे।
उमर अब्दुल्ला ने दिया रणनीति और युवाओं पर जोर
सूत्रों के अनुसार जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बैठक में कॉकरोच जनता पार्टी का उल्लेख करते हुए राजनीतिक चर्चा को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि बदलते राजनीतिक माहौल में युवाओं के मुद्दों को गंभीरता से उठाना जरूरी है। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि गठबंधन को सामूहिक आत्ममंथन कर अपनी रणनीति को और मजबूत करना चाहिए।
कांग्रेस को बताया गठबंधन का मुख्य आधार
उमर अब्दुल्ला ने बैठक में यह भी कहा कि कांग्रेस एक ऐसा आधार है जो सभी सहयोगी दलों को एक साथ जोड़ने की क्षमता रखती है। उन्होंने जोर दिया कि इस भूमिका को और प्रभावी बनाए जाने की जरूरत है ताकि गठबंधन की एकजुटता बनी रहे।
महबूबा मुफ्ती ने सोशल मीडिया पर दिया जोर
सूत्रों के मुताबिक पीडीपी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने बैठक में डिजिटल और सोशल मीडिया की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गठबंधन को सोशल मीडिया पर अपनी उपस्थिति मजबूत करनी होगी ताकि जनता और विशेषकर युवाओं तक संदेश बेहतर तरीके से पहुंच सके।