कतर से 500 से अधिक भारतीयों की सुरक्षित वापसी
कतर से 500 से अधिक भारतीयों की सुरक्षित वापसी
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कतर में फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित भारत वापस लाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। भारतीय दूतावास की मदद से 500 से अधिक भारतीय नागरिक विशेष उड़ानों के जरिए भारत लौटे। ये लोग कतर एयरवेज की फ्लाइट से नई दिल्ली और अन्य भारतीय शहरों तक पहुंचे।
दूतावास के अनुसार, क्षेत्र में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को देखते हुए वहां मौजूद भारतीयों की सहायता के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। भारतीय दूतावास ने कतर में रह रहे नागरिकों के लिए 24 घंटे हेल्पलाइन और सहायता केंद्र भी शुरू किए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद मिल सके।
इसके साथ ही दूतावास ने भारतीय नागरिकों को सावधानी बरतने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। लोगों से कहा गया है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या मलबे के पास न जाएं और तुरंत अधिकारियों को इसकी सूचना दें।
सरकार का कहना है कि जरूरत पड़ने पर और भी विशेष उड़ानों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि वहां फंसे सभी भारतीयों को सुरक्षित देश वापस लाया जा सके। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण कई देशों ने अपने नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।