ईरान-इजरायल युद्ध: 12वें दिन भी जारी हमले, हजारों मौतें
ईरान-इजरायल युद्ध: 12वें दिन भी जारी हमले, हजारों मौते
मध्य-पूर्व में ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहा युद्ध लगातार गंभीर होता जा रहा है। युद्ध के 12वें दिन ईरान ने दावा किया कि उसने इजरायल के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा मिसाइल हमला किया है। इसके जवाब में इजरायल और अमेरिका ने भी ईरान के कई ठिकानों पर हमले तेज कर दिए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस युद्ध में अब तक भारी तबाही हो चुकी है। ईरान में लगभग 1255 लोगों की मौत हो चुकी है और बमबारी से करीब 20 हजार इमारतें नष्ट हो गई हैं। लगातार हो रहे हवाई हमलों के कारण कई शहरों में बुनियादी ढांचा बुरी तरह प्रभावित हुआ है और आम लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
इस संघर्ष का असर केवल ईरान तक ही सीमित नहीं है। लेबनान में भी हालात खराब हो गए हैं, जहां इजरायल के हमलों के बाद करीब 7.8 लाख लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हो गए हैं। इनमें से लगभग 1.2 लाख लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं।
इसके अलावा इस युद्ध में कई देशों को नुकसान हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार लेबनान में 570 लोगों की मौत हुई है, जबकि इजरायल, इराक, कुवैत, यूएई और सऊदी अरब में भी कई लोगों की जान गई है। युद्ध के कारण पूरे क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है और दुनिया भर की निगाहें अब इस संघर्ष पर टिकी हुई हैं।