लखनऊ में यूपीएससी छात्रा से गैंगरेप, 3 दिन तक फ्लैट में बंधक बनाकर दरिंदगी

लखनऊ में यूपीएससी की तैयारी कर रही युवती के साथ तीन दिनों तक गैंगरेप किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवती को ट्रेन से उतारकर फ्लैट में बंधक बनाया और नशीला पदार्थ देकर दरिंदगी की।

लखनऊ में यूपीएससी छात्रा से गैंगरेप, 3 दिन तक फ्लैट में बंधक बनाकर दरिंदगी

दि राइजिंग न्यूज | लखनऊ | 25 मई 2026

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रही एक युवती के साथ कथित तौर पर तीन दिनों तक गैंगरेप किया गया। आरोप है कि युवती को पहले ट्रेन से जबरन उतारा गया, फिर नशीला पदार्थ देकर फ्लैट में बंधक बनाकर हैवानियत की गई। पीड़िता जौनपुर जनपद की रहने वाली बताई जा रही है और दिल्ली में रहकर ग्रेजुएशन के साथ यूपीएससी की तैयारी कर रही थी। जानकारी के मुताबिक युवती छुट्टियों में अपने घर आई हुई थी और 15 मई को दिल्ली लौटने के लिए ट्रेन से रवाना हुई थी।

ट्रेन से जबरन उतारकर ले गए आरोपी

बताया जा रहा है कि जैसे ही ट्रेन लखनऊ के चारबाग स्टेशन पहुंची, युवती का परिचित युवक अपने साथी के साथ स्टेशन पहुंचा और उसे जबरदस्ती ट्रेन से उतार लिया। इसके बाद आरोपी युवती को सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र स्थित एक फ्लैट में ले गए। आरोप है कि वहां युवती को कॉफी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया, जिसके बाद मुख्य आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी नहीं रुका और पूरी रात युवती के साथ दरिंदगी करता रहा।

तीन दिन तक बंधक बनाकर किया गैंगरेप

पीड़िता के मुताबिक अगले दिन आरोपी का दूसरा साथी फ्लैट पर पहुंचा और उसने भी दुष्कर्म किया। तीसरे दिन एक और युवक ने युवती को अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपियों ने तीन दिनों तक युवती को फ्लैट में बंधक बनाए रखा और लगातार अत्याचार करते रहे। जब युवती की हालत बिगड़ गई तो आरोपी उसे ट्रेन में बैठाकर दिल्ली भेजकर फरार हो गए।

बरेली पहुंचकर पिता को बताई आपबीती

ट्रेन जब बरेली पहुंची तो पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर अपने पिता को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़िता के पिता ने तुरंत जीआरपी हेल्पलाइन पर संपर्क किया, जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई।

पांच टीमें आरोपियों की तलाश में जुटीं

इस मामले में लखनऊ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमें गठित की हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

महिलाओं की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

राजधानी लखनऊ में हुई इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यूपीएससी जैसी बड़ी परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा के साथ हुई इस दरिंदगी ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है।