मणिपुर में फिर भड़की आग: गिरफ्तारी के बाद सड़कों पर हिंसा, आत्मदाह की कोशिश, कर्फ्यू और इंटरनेट बंद
दि राइजिंग न्यूज। मणिपुर। 8 जून, 2025 । मणिपुर एक बार फिर हिंसा की चपेट में आ गया है। शनिवार रात इंफाल ईस्ट और वेस्ट जिलों में उस समय हालात बिगड़ गए, जब मैतेई संगठन अरामबाई तेंगगोल के नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर आगजनी की, बसें जलाईं, टायर जलाकर रास्ते बंद किए और पुलिस के साथ हिंसक झड़पें कीं। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की धमकी दी, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
दि राइजिंग न्यूज। मणिपुर। 8 जून, 2025 ।
मणिपुर एक बार फिर हिंसा की चपेट में आ गया है। शनिवार रात इंफाल ईस्ट और वेस्ट जिलों में उस समय हालात बिगड़ गए, जब मैतेई संगठन अरामबाई तेंगगोल के नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर आगजनी की, बसें जलाईं, टायर जलाकर रास्ते बंद किए और पुलिस के साथ हिंसक झड़पें कीं। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की धमकी दी, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान एक व्यक्ति की मौत की खबर है, जो कथित तौर पर लाठीचार्ज में घायल हुआ था। हिंसा के मद्देनजर बिष्णुपुर जिले में पूर्ण कर्फ्यू लगा दिया गया है, जबकि इंफाल ईस्ट, इंफाल वेस्ट, थौबल और काकचिंग जिलों में पांच से अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगा दी गई है।
प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंफाल पूर्व, इंफाल पश्चिम, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों में इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाएं पांच दिनों के लिए सस्पेंड कर दी हैं। प्रशासन को आशंका है कि सोशल मीडिया के जरिए भड़काऊ संदेश और वीडियो फैल सकते हैं, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं।
गौरतलब है कि 2023 से मैतेई और कुकी समुदायों के बीच जारी हिंसा में अब तक 260 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग विस्थापित हुए हैं। हालात में सुधार न होने के कारण फरवरी 2025 में केंद्र सरकार ने राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया था।
अब तक ---
- मैतेई संगठन अरामबाई तेंगगोल के नेताओं की गिरफ्तारी के बाद भड़की हिंसा
- प्रदर्शनकारियों ने आत्मदाह की कोशिश की, सड़कों पर आगजनी और तोड़फोड़
- पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प, एक की मौत, कई घायल
- बिष्णुपुर में कर्फ्यू, पांच जिलों में इंटरनेट सेवाएं बंद
- 2023 से जारी जातीय हिंसा में 260 से ज्यादा मौतें, राष्ट्रपति शासन लागू