पहलगाम हमले पर लखनऊ यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर का विवादित बयान, छात्रों का विरोध, नोटिस जारी
दि राइजिंग न्यूज। 1 मई 2025 । लखनऊः पहलगाम आतंकी हमले के बाद देशभर में गुस्सा फैला हुआ है और इस बीच लखनऊ यूनिवर्सिटी के एक और प्रोफेसर डॉ. सौरव बनर्जी का विवादित सोशल मीडिया पोस्ट सामने आया है। आरोप है कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी-आरएसएस के खिलाफ आपत्तिजनक और भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल किया।
दि राइजिंग न्यूज। 1 मई 2025 । लखनऊः
पहलगाम आतंकी हमले के बाद देशभर में गुस्सा फैला हुआ है और इस बीच लखनऊ यूनिवर्सिटी के एक और प्रोफेसर डॉ. सौरव बनर्जी का विवादित सोशल मीडिया पोस्ट सामने आया है। आरोप है कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी-आरएसएस के खिलाफ आपत्तिजनक और भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल किया।
प्रोफेसर बनर्जी लखनऊ यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने हमले के ठीक बाद दो अलग-अलग पोस्ट्स किए, जिनमें कथित तौर पर देश के शीर्ष नेताओं और संस्थाओं को लेकर अभद्र भाषा प्रयोग की गई। पोस्ट के वायरल होने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन हरकत में आया और डॉ. बनर्जी को शो-कॉज नोटिस जारी करते हुए 5 दिन में जवाब मांगा गया है।
बवाल तब और बढ़ गया जब एबीवीपी से जुड़े छात्र यूनिवर्सिटी के न्यू कैंपस में डॉ. बनर्जी से मिलने पहुँचे, लेकिन उन्होंने मिलने से इनकार कर दिया। इसके विरोध में छात्रों ने वहीं धरना शुरू कर दिया और जमकर नारेबाज़ी की। बाद में उन्होंने चीफ प्रॉक्टर को ज्ञापन सौंपा और प्रोफेसर पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
बता दें, इससे पहले इसी हफ्ते यूनिवर्सिटी की ही एक और प्रोफेसर डॉ. माद्री काकोटी को भी विवादित बयान को लेकर नोटिस थमाया जा चुका है। लगातार हो रहे ऐसे विवादों से यूनिवर्सिटी की साख पर सवाल खड़े हो रहे हैं।