13वीं मंजिल से कूदे बेटे की मौत, घर में मिली मां की लाश
करीब 40 वर्षीय राजबीर सिंह ने सोसाइटी की 13वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। गिरते समय वे बीच में लगे लोहे के शेड से टकराते हुए ग्राउंड फ्लोर पर आ गिरे। मौके पर मौजूद गार्ड ने तेज आवाज सुनकर वहां पहुंचा और उन्हें गंभीर हालत में देखा। शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
दि राइजिंग न्यूज। गाजियाबाद । 19 मार्च 2026 ।
गाजियाबाद: कविनगर थाना क्षेत्र स्थित महागुणपुरम सोसाइटी से एक ही परिवार के दो सदस्यों की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, करीब 40 वर्षीय राजबीर सिंह ने सोसाइटी की 13वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। गिरते समय वे बीच में लगे लोहे के शेड से टकराते हुए ग्राउंड फ्लोर पर आ गिरे। मौके पर मौजूद गार्ड ने तेज आवाज सुनकर वहां पहुंचा और उन्हें गंभीर हालत में देखा। शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस जब राजबीर के फ्लैट में पहुंची, तो अंदर उनकी 70 वर्षीय मां सतनाम कौर का शव बिस्तर पर मिला। शुरुआती जांच में शव करीब 2–3 दिन पुराना बताया जा रहा है। शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, राजबीर सिंह अपनी मां के साथ रहते थे और हाल के दिनों में वे नियमित रूप से काम पर नहीं जा रहे थे। उनकी पत्नी अलग रहती हैं और उनका एक बेटा भी है।
पुलिस का कहना है कि उन्हें डायल 112 के माध्यम से घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।