पाक के मुजफ्फराबाद में बाढ़, जल आपातकाल घोषित
दि राइजिंग न्यूज। 27 अप्रैल 2025 । जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। भारत द्वारा सिंधु जल संधि को निलंबित करने के बाद अब पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में बड़ा जल संकट पैदा हो गया है। पाकिस्तानी मीडिया का दावा है कि भारत ने बिना पूर्व सूचना के झेलम नदी में पानी छोड़ दिया, जिससे मुजफ्फराबाद इलाके में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
दि राइजिंग न्यूज। 27 अप्रैल 2025 ।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। भारत द्वारा सिंधु जल संधि को निलंबित करने के बाद अब पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में बड़ा जल संकट पैदा हो गया है। पाकिस्तानी मीडिया का दावा है कि भारत ने बिना पूर्व सूचना के झेलम नदी में पानी छोड़ दिया, जिससे मुजफ्फराबाद इलाके में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
स्थानीय प्रशासन ने हट्टियन बाला जिले में जल आपातकाल (Water Emergency) घोषित कर दिया है। मस्जिदों से एलान कर लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, उत्तरी कश्मीर के बारामुल्ला जिले से पानी का तेज बहाव शुरू हुआ, जो चकोठी क्षेत्र होते हुए PoK के भीतर फैल गया।
भारत ने पहले ही किया था संधि निलंबन का एलान
भारत सरकार ने 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद सिंधु जल संधि को औपचारिक रूप से निलंबित कर दिया था। इसके तहत भारत ने पाकिस्तान को बिना किसी सूचना के नदियों के जल प्रवाह और निर्माण गतिविधियों पर नियंत्रण रखने का अधिकार सुरक्षित कर लिया है। अब भारत पाकिस्तान को डेटा साझा करने, नई परियोजनाओं के बारे में सूचना देने या सिंधु आयुक्तों के बीच बैठकें आयोजित करने का भी कोई दायित्व नहीं निभाएगा।
सरकार ने औपचारिक अधिसूचना जारी करते हुए संधि दायित्वों को पूरी तरह स्थगित कर दिया है, और इस बारे में पाकिस्तान को भी सूचित कर दिया गया है। इस फैसले के बाद भारत को अब पश्चिमी नदियों (सिंधु, झेलम और चिनाब) पर बांध बनाने के लिए किसी भी प्रकार की पाकिस्तानी सहमति की आवश्यकता नहीं होगी।
पाक मीडिया में हड़कंप
पाकिस्तानी मीडिया ने इस घटनाक्रम को लेकर भारत पर कई तरह के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि भारत ने अचानक झेलम का पानी छोड़कर पाकिस्तान को मुश्किल में डालने की कोशिश की है। हालात ऐसे बन गए हैं कि पाकिस्तानी मीडिया भारत का नाम लेकर खुलेआम छटपटाती नजर आ रही है।