ट्विशा शर्मा मौत मामला: आरोपी पति समर्थ सिंह गिरफ्तार, भोपाल पुलिस सात दिन की रिमांड मांगेगी

ट्विशा शर्मा मौत मामले में फरार चल रहे आरोपी पति समर्थ सिंह को भोपाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबलपुर में आत्मसमर्पण की कोशिश के बाद उसे हिरासत में लिया गया। पुलिस अब अदालत से सात दिन की रिमांड मांगकर मामले की गहराई से जांच करेगी।

ट्विशा शर्मा मौत मामला: आरोपी पति समर्थ सिंह गिरफ्तार, भोपाल पुलिस सात दिन की रिमांड मांगेगी

दि राइजिंग न्यूज़ | भोपाल | 23 मई 2026

 कई दिनों की फरारी के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा समर्थ सिंह

भोपाल की चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। कई दिनों से फरार चल रहे आरोपी पति समर्थ सिंह को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबलपुर में आत्मसमर्पण की कोशिश के बाद उसे हिरासत में लिया गया और फिर भोपाल पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश कर सात दिन की रिमांड मांगने की तैयारी कर रही है ताकि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा सके। इस गिरफ्तारी के बाद पूरे प्रदेश में इस मामले को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।

गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था आरोपी

बताया जा रहा है कि पेशे से वकील समर्थ सिंह 12 मई को ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के बाद से लगातार गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था। police ने उसकी तलाश में कई जगह दबिश दी थी और उसके खिलाफ 30 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। इतना ही नहीं, उसके देश छोड़कर भागने की आशंका को देखते हुए लुक आउट नोटिस भी जारी किया गया था। लंबे समय तक फरार रहने के कारण पुलिस और प्रशासन पर भी लगातार सवाल उठ रहे थे।

 जबलपुर जिला न्यायालय पहुंचते ही हिरासत में लिया गया

सूत्रों के मुताबिक समर्थ सिंह शुक्रवार को जबलपुर जिला न्यायालय पहुंचा था, जहां वह आत्मसमर्पण करना चाहता था। जैसे ही उसके कोर्ट परिसर में मौजूद होने की सूचना मिली, वहां हलचल मच गई। जबलपुर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया और ओमती थाने ले जाया गया। इसके बाद विधिक प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को भोपाल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।

 अग्रिम जमानत याचिका वापस लेने के बाद बढ़ी मुश्किलें

इस मामले में एक और बड़ा कदम तब सामने आया जब मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में दायर समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली गई। उसके वकील ने अदालत को बताया कि समर्थ आत्मसमर्पण करने के लिए तैयार है। जमानत याचिका वापस होने के बाद उसके पास कानूनी रूप से बचने का रास्ता लगभग बंद हो गया था। इसके बाद माना जा रहा था कि वह जल्द ही पुलिस या अदालत के सामने पेश होगा और आखिरकार ऐसा ही हुआ।

 बार काउंसिल ने भी किया बड़ा एक्शन

ट्विशा शर्मा मौत मामले ने प्रदेशभर में लोगों को झकझोर दिया है। परिवार की ओर से लगातार न्याय की मांग की जा रही थी और आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर दबाव बढ़ता जा रहा था। इसी बीच बार काउंसिल ने भी समर्थ सिंह के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए उसका वकालत लाइसेंस रद्द कर दिया। इस कार्रवाई को कानूनी पेशे की गरिमा बनाए रखने के लिए बड़ा फैसला माना जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

सात दिन की रिमांड मांग सकती है पुलिस

पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान मौत की परिस्थितियों, पारिवारिक विवाद और घटना से पहले की गतिविधियों को लेकर विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी। जांच अधिकारी अदालत से सात दिन की रिमांड की मांग करेंगे ताकि सभी तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को मजबूती से जोड़ा जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश करेगी कि फरारी के दौरान आरोपी किन लोगों के संपर्क में था और उसे किसने मदद पहुंचाई।