जियो आईपीओ को मिली बोर्ड की मंजूरी
रिलायंस इंडस्ट्रीज की 49वीं वार्षिक आम बैठक में मुकेश अंबानी ने जियो आईपीओ को लेकर बड़ा ऐलान किया। कंपनी ने जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ के लिए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस सेबी के पास जमा करने की जानकारी दी। इसे भारत के डिजिटल सेवा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
दि राइजिंग न्यूज़ | मुंबई | 20 जून 2026
रिलायंस एजीएम में जियो आईपीओ का बड़ा ऐलान
देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की 49वीं वार्षिक आम बैठक में जियो आईपीओ को लेकर बहुप्रतीक्षित घोषणा की गई। रिलायंस चेयरमैन मुकेश अंबानी ने शेयरधारकों को संबोधित करते हुए बताया कि जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ के लिए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस सेबी के पास जमा कर दिया गया है। कंपनी के बोर्ड ने इस प्रस्ताव को मंजूरी भी दे दी है। मुकेश अंबानी ने कहा कि जियो की बाजार में लिस्टिंग भारत की डिजिटल ताकत और तकनीकी क्षमता को दुनिया के सामने प्रदर्शित करेगी। उन्होंने इसे भारतीय डिजिटल सेवा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया।
आकाश ईशा और अनंत संभाल रहे हैं जिम्मेदारी
मुकेश अंबानी ने बताया कि जियो आईपीओ की पूरी प्रक्रिया का नेतृत्व उनके तीनों बच्चे आकाश अंबानी, ईशा अंबानी और अनंत अंबानी कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि नई पीढ़ी कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।उन्होंने कहा कि जिस दृष्टिकोण के साथ उन्होंने 25 वर्ष पहले रिलायंस के विस्तार की योजना बनाई थी, उसी सोच के साथ अब अगली पीढ़ी कंपनी को आगे बढ़ा रही है।
27 करोड़ नए शेयर जारी करने की तैयारी
जानकारी के अनुसार जियो आईपीओ के माध्यम से कंपनी करीब 27 करोड़ नए शेयर जारी कर सकती है। हालांकि आईपीओ के आकार और मूल्य निर्धारण को लेकर अंतिम निर्णय नियामकीय मंजूरी और बाजार परिस्थितियों के आधार पर लिया जाएगा।जियो का आईपीओ भारतीय पूंजी बाजार के सबसे बड़े सार्वजनिक निर्गमों में शामिल हो सकता है।
जियो के 53 करोड़ से अधिक ग्राहक
जियो प्लेटफॉर्म्स के प्रबंध निदेशक आकाश अंबानी ने कंपनी के प्रदर्शन की जानकारी देते हुए बताया कि जियो का ग्राहक आधार बढ़कर 534 मिलियन यानी 53.4 करोड़ से अधिक हो चुका है।उन्होंने कहा कि जियो के 5जी ग्राहकों की संख्या 268 मिलियन के पार पहुंच गई है। कंपनी का लक्ष्य वर्ष 2030 तक अपने सभी ग्राहकों को 5जी नेटवर्क पर स्थानांतरित करना है।
पहली बार 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक मुनाफा
आकाश अंबानी ने बताया कि जियो प्लेटफॉर्म्स का कर पश्चात लाभ पहली बार 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। यह पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का कुल राजस्व 1.46 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा, जो जियो की मजबूत कारोबारी स्थिति को दर्शाता है।
जियो हॉटस्टार ने पार किया नया रिकॉर्ड
आकाश अंबानी ने बताया कि जियो हॉटस्टार एप ने एक अरब डाउनलोड का आंकड़ा पार कर लिया है। उन्होंने इसे भारतीय डिजिटल मनोरंजन क्षेत्र में कंपनी की बड़ी उपलब्धि बताया।
रिलायंस रिटेल की भी मजबूत बढ़त
ईशा अंबानी ने रिलायंस रिटेल के प्रदर्शन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कंपनी ने 3.70 लाख करोड़ रुपये से अधिक का सकल राजस्व अर्जित किया है।रिलायंस रिटेल का ग्राहक आधार बढ़कर 387 मिलियन तक पहुंच गया है। वहीं जियो मार्ट ने 11 मिलियन डाउनलोड का आंकड़ा पार कर लिया है और यह देश के प्रमुख क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्मों में शामिल हो चुका है।कंपनी के खुदरा स्टोर्स की संख्या बढ़कर 20,160 हो गई है। रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड का राजस्व 22 हजार करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है जबकि कंपनी का लोकप्रिय उत्पाद चंपा 4700 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री दर्ज कर चुका है।
ऊर्जा क्षेत्र में भी विस्तार जारी
अनंत अंबानी ने बताया कि पश्चिम एशिया में तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में बाधाओं के बावजूद रिलायंस ने अपनी आपूर्ति श्रृंखला को प्रभावी ढंग से संचालित किया।उन्होंने कहा कि भारत के कुल गैस उत्पादन में रिलायंस एक्सप्लोरेशन एंड प्रोडक्शन की हिस्सेदारी लगभग 30 प्रतिशत रही। वहीं कंपनी का तेल उत्पादन 18 हजार बैरल प्रतिदिन तक पहुंच गया है।
हरित ऊर्जा पर बड़ा फोकस
अनंत अंबानी ने कहा कि कच्छ में विकसित किया जा रहा रिन्यूएबल एनर्जी हब हर वर्ष 40 अरब यूनिट से अधिक हरित ऊर्जा का उत्पादन करेगा।उन्होंने हजीरा कार्बन फाइबर प्लांट को देश की उन्नत सामग्री निर्माण क्षमता को मजबूत करने वाली पहली बड़ी परियोजना बताया। इसके साथ ही जियो बीपी के खुदरा नेटवर्क में 29 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है और इसके आउटलेट्स की संख्या 2200 तक पहुंच गई है।
रिलायंस फाउंडेशन की नई पहल
रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने कहा कि संगठन देशभर के 97 मिलियन लोगों तक पहुंच बना चुका है। फाउंडेशन वर्तमान में एक लाख गांवों में विभिन्न विकास परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है।उन्होंने बताया कि कंपनी को विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय स्थापित करने की मंजूरी मिल चुकी है। इसके अलावा मुंबई में 20 मिलियन लोगों के लिए सार्वजनिक उद्यान और एक मेडिकल सिटी विकसित करने की योजना भी बनाई गई है।
अगले पांच वर्षों को लेकर बड़ा लक्ष्य
बैठक के अंत में मुकेश अंबानी ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि रिलायंस का ईबीआईटीडीए अगले पांच वर्षों में दोगुना हो जाएगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल सेवाएं, खुदरा कारोबार, ऊर्जा और नई प्रौद्योगिकियां कंपनी की भविष्य की वृद्धि को गति देंगी।रिलायंस की 49वीं वार्षिक आम बैठक में जियो आईपीओ की घोषणा सबसे बड़ा आकर्षण रही, जिसे भारतीय शेयर बाजार और डिजिटल क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।